सुमन सखी चैटबॉट सेवा: नागरिक-केंद्रित सुशासन की दिशा में डिजिटल क्रांति
भोपाल: मध्यप्रदेश सरकार ने डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप नागरिक-केंद्रित सुशासन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से एक नई पहल की घोषणा की है। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बताया कि प्रदेश में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित "सुमन सखी चैटबॉट सेवा" शीघ्र ही प्रारंभ की जाएगी। यह चैटबॉट सेवा विशेष रूप से मातृ स्वास्थ्य पर फोकस करेगी और महिलाओं को उनकी स्वास्थ्य समस्याओं के समाधान, उच्च जोखिम कारकों की जानकारी, गर्भावस्था के दौरान देखभाल तथा सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं की सरल उपलब्धता सुनिश्चित करेगी।
सुमन सखी चैटबॉट का उद्देश्य और महत्व- सुमन सखी चैटबॉट का मुख्य उद्देश्य मातृ स्वास्थ्य को बेहतर बनाना और महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना है। यह सेवा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल इंडिया विजन के अनुरूप विकसित की जा रही है, ताकि स्वास्थ्य क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों का उपयोग कर सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली स्वास्थ्य योजनाओं की पहुँच आम जनता तक सरल और सहज रूप से पहुंच सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्पष्ट किया कि यह पहल मध्यप्रदेश में नागरिक-केंद्रित सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।
इस सेवा के माध्यम से न केवल सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी तत्काल नागरिकों तक पहुंचेगी, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी। इससे जनता का शासन पर विश्वास बढ़ेगा और सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
सेवा की विशेषताएँ-
24x7 उपलब्धता: सुमन सखी चैटबॉट हर समय हिंदी भाषा में उपलब्ध रहेगा, ताकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएँ बिना किसी भाषा की बाधा के इसका उपयोग कर सकें।
व्हाट्सएप पर सेवा: नागरिक इसे आसान एवं सुलभ माध्यम व्हाट्सएप पर उपयोग कर सकेंगे।
प्रारंभिक चरण में मातृ स्वास्थ्य पर फोकस: गर्भवती महिलाओं के लिए देखभाल, उच्च जोखिम कारकों की जानकारी, पोषण संबंधी सुझाव, और स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की जाएगी।
भविष्य में विस्तार: धीरे-धीरे अन्य स्वास्थ्य योजनाओं और सेवाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा।
सहयोग और विकास- मिशन डायरेक्टर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM), डॉ. सलोनी सिडाना ने बताया कि यह चैटबॉट सेवा मध्यप्रदेश स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (MPSEDC) के सहयोग से विकसित की गई है। इसका डिज़ाइन खासतौर पर यह सुनिश्चित करने के लिए किया गया है कि तकनीकी जटिलताओं से प्रभावित हुए बिना हर महिला इसका सहज उपयोग कर सके।
भविष्य की दिशा- सुमन सखी चैटबॉट सेवा का लक्ष्य मातृ स्वास्थ्य सुधार के साथ-साथ सम्पूर्ण स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल समाधान लागू करना है। यह सेवा न केवल वर्तमान में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में सुधार लाएगी, बल्कि भविष्य में सरकारी योजनाओं की पहुँच और भी सुगम बनाएगी। सरकार इस पहल के माध्यम से नागरिकों को सशक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
इस डिजिटल पहल से मध्यप्रदेश स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में एक नई क्रांति का आरंभ होगा, जो सुशासन और जन-कल्याण के सिद्धांतों को मजबूत करेगी।
Comments
Post a Comment